Monday, September 30, 2013

Scooter vs Scooty


कल्पना करें बीच बाज़ार में आपका पुराना स्कूटर ख़राब हो जाए, हिलाया डुलाया, फिर टेड़ा किया, स्पार्क प्लग भी साफ़ कर लिया पर फिर भी स्टार्ट ना हुआ। हद हो गयी, किक मार मार का टांग जवाब दे जाएगी पर खुदा कसम कोई आकर help नहीं करेगा। पैदल चलने वाले आपको घूरते हुए निकल जायेंगे। रेहड़ी - ठेले वाले एक कुटिल सी मुस्कान देते हुए वहीँ खड़े आपको ताकते रहंगे, बोलेंगे कुछ नहीं। कुछ गाडी वाले इस कदर नज़र अंदाज़ करेंगे की कही आप चिल्ला कर उन्हें हेल्प के लिए ना बोल दे वैसे भी गाडी होने के बावजूद वे दफ्तर के लिए हमेशा लेट ही होते है, हाँ एक दो समझदार टंकी में पेट्रोल चेक करने को जरूर बोल देंगे, मानो हम तो दिमाग से पैदल है, यूँ ही सड़क के बीच वर्जिश करने का मन हो गया जो किक मार मार कर चर्बी जला रहे है।

अब फ़र्ज़ करें की गाडी scooty हो और किक मारने वाली कोई खुबसूरत लड़की तो बाज़ार में खड़े लड़के भले ही एक घडी शर्म कर जाए पर अधेड़ तो बेटा-बेटा बोल कर help करने पहुँच ही जायेंगे और खुदा ना खास्ता जो टंकी खाली मिली तो आधा पौन लीटर तेल अपना निकाल  कर दे देंगे। अकेली बच्ची बेचारी कहाँ जाएगी ?
अब आप लोग कहेंगे भई कोई इंसानियत दिखा रहा है तो तुम्हारे क्यों पेट में दर्द हो रहा है ? क्या किसी जरुरत्मन्द की मदद करना अपराध है ? नहीं नहीं बिलकुल नहीं, कोई अपराध नहीं, बस कभी-कभी ऐसी दया दृष्टि लौंडों पर भी दिखा दिया करें। बच्ची के साथ कभी कभी बच्चों पर भी इंसानियत की बारिश कर दिया करें तो बेहतर होगा। 
कुछ अलग या नया नहीं लिखा आप सब वाकिफ है बस दर्द को अलफ़ाज़ दे दिए। 

बे"चारा" Common Man

जमींदार के लौंडे ने दुखीराम किसान की बेटी छुटकी के साथ दुर्व्यवहार किया, दुखीराम और बाकी गाँव वालों में जमींदार का बड़ा खौफ था पर जैसे तैसे हिम्मत जुटा कर वे लोग जमींदार की चौखट पर इंसाफ की गुहार लगाने पर पहुंचे। जमींदार ने सब कुछ सुनकर अपने वाहियात लौंडे को वहीँ बुला भेजा। लड़का बड़ी बेशर्मी के साथ बालों में हाथ घुमाता हुआ आया, ना कोई शर्म ना कोई पछतावा। जमींदार साहब तेज़ आवाज़ में बोले "बदतमीज़ ये क्या किया तुमने ? खानदान के नाम पर कलंक लगा दिया तुमने। अरे इस गाँव के लोग हमारे बच्चों की तरह हैं, और आज तुमने हमे इनके सामने शर्मिंदा कर दिया। छुटकी तुम्हारी बहन जैसी है, चलो माफ़ी मांगो उस से।" 
बेहया लौंडा छुटकी के सामने जाकर हाथ जोड़ कर वहां से निकल गया। जमींदार जानता था गरम तवे पर पानी डालकर उसे कैसे ठंडा करा जाता है। गाँव वाले खुश, भैया जमींदार के लौंडे ने माफ़ी मांग ली और क्या चाहिए ? ख़ुशी में पागल हुए ये लोग छुटकी के उन आंसुओं को भूल ही गए। भूल गए की छुटकी की इज्ज़त माफ़ी से वापस ना आएगी। गरीब आदमी को तो उम्मीद ही नहीं होती, इतना तो बहुत है। 
बस कुछ ऐसा ही लालू यादव के मामले में हुआ, 950 करोड़ के चारा घोटाले में ये मामला 37 करोड़ का था। अदालत ने दोषी क्या ठहराया जनता खुश तो मीडिया बावली हो गया। मानो भ्रष्टाचार के रावण का अंत हो गया। खुशियाँ मनाई जा रही है पर किस बात की ? 4-5 साल अन्दर रह लेंगे पीछे से उनकी दूकान बेटा चलाएगा। भई अगर ऐसी facility available है तो इस मुल्क के सभी गरीबों को अन्दर कर उनके परिवार वालों को 35-35 करोड़ बाँट देने चाहिए। कुछ साल के दुःख के बाद जिंदगी भर खुश रहेंगे। 
कुल मिलाकर बात यह है की क्या वाकई ये सजा काफी है ? एक आदमी ने अपनी ड्यूटी नहीं निभाई, सालों तक कुर्सी से चिपका रहा पर देश समाज का कोई विकास ना किया, राज्य को गरीबी के दलदल में इस कदर धसा दिया की आज की सरकार विशेष राज्य के दर्जे की भीख मांगती घूम रही है। उन कुछ करोड़ रुपयों के लिए नहीं बल्कि उन करोड़ों लोगो के साथ विश्वासघात करने के लिए ऐसे लोगों के लिए बड़ी से बड़ी सजा भी कम होगी। 
हम नहीं समझेंगे क्योंकि हम तो common man हैं हम तो इसी बात का जश्न मनाएंगे की चलिए at least किसी politician को सजा तो मिली। मनाइये मनाइये .....

Sunday, September 29, 2013

भैया बोल बच्चन

इस मुल्क में सिर्फ तीन चीज़ें चलती हैं, क्रिकेट, बॉलीवुड और राजनीति। क्रिकेट इस मुल्क की रगों में बहता है। एक वक़्त था जब India का मैच चल रहा होता था तब आदमी जन्नत में हो या जहन्नुम में स्कोर पूछना नहीं भूलता था। देश रुक सा जाता था। 20-20 क्रिकेट के आगमन बाद वो बात तो नहीं रही, अब तो क्रिकेट daily sop की तरह हो गया है। 8 बजे शुरू होकर 11 बजे तक ख़त्म भी हो जाता है। नए नवेले खिलाड़ी, रंगीन पोशाकों में पूरी शिद्दत खेलते नज़र आते है ताकि भविष्य में Pepsi, कोका कोला का एक-आध विज्ञापन मिल सके। चलो अच्छा ही है। सब कुछ बदला पर एक चीज़ नहीं बदली, मैच देखने वाला हर शख्स कल भी और आज भी सचिन से लेकर धोनी को हर बॉल पर छक्का ना मारने के लिए कोसता हुआ, अपने घर के ड्राइंग रूम में टीवी के सामने बैठ उन्हें अच्छा खेलने के tips देता रहता है।
"ओये… पुल शॉट मार पुल ……"
"क्या कर रहा है यार, बाहर जाती हुई बॉल को मत छेड़ …"
भाईसाहब ने कभी जिंदगी में बल्ला ना पकड़ा हो, पर बात ऐसे करेंगे जैसे Sir Donald Bradman की छठी औलाद हो। ये वे लोग होते है जिन्हें Off और leg side का फर्क नहीं पता होता पर ये साथ बैठे लोगों में सामने ऊंची ऊंची फेकने में कोई कसर नहीं छोड़ते। और जो गलती से सचिन 1 या 2 रन पर आउट हो जाए तो उसके retirement की प्लानिंग भी यही लोग कर देते है। कुछ अजीब ही hote है हम लोग।
बस राहुल गाँधी का व्यक्तित्व भी कुछ ऐसा ही है। बड़ी बड़ी बातें, ये करना चाहिए वो करना चाहिए और जब बात जिम्मेदारी लेने की आये तो माँ बेटा दोनों गायब हो जाते हैं। कार्यकर्ताओं की classroom कोचिंग चला रखी है पर खुद ने कभी एक exam ना दिया। बातें और शिकायतें ऐसी करते है, जैसे किसी दूसरी पार्टी की सरकार चल रही हो। क्यों सुनी जाए आपकी बात ? आखिर क्यों ? सुझाव तो मैं भी आये दिन देता ही रहता हूँ, देश की सूरत बदलने वाले ideas की भरमार तो मेरे पास भी है। फिर फर्क क्या है मुझ में और आप में ? फर्क है राहुल भैय्या, आपके पास नीतियों को लागू करवाने का शक्ति है हमारे पास नहीं है। बस भाई बहुत हुआ ये कुर्ते की बाहें ऊंची कर press के सामने अमिताभ की तरह angry young man बनने की नौटंकी बंद करो। आगे बड़ो, जिम्मेदारी लो और कुछ बदल कर दिखाओ फिर बात करना। ये nonsense nonsense की रट लगाने से कुछ ना होगा।  

Friday, September 27, 2013

फटा पोस्टर निकला राहुल

जवानी की देहलीज पर कदम रखने से ठीक पहले मुहांसे और जुबान कुछ ज्यादा ही निकल आते है। मुहांसों पर क्रीम लगाई जा सकती है, पर जुबान पर लगाम लगाना आसान नहीं होता।  लड़कपन का वो दौर ही अलग होता है, घर के बड़ों को मोबाइल या कंप्यूटर के एक दो function सीखा कर हम खुद को बेहद समझदार समझने लगते है। फिर क्या… बड़ों की हर बात में बिना सोचे समझे बीच में बोलना, और उन्हें सलाह देना शुरू कर देते है। बस इसी ज्यादा बोलने के चक्कर में किसी दिन घरवालों की भद पिटवा आते है।
बस यही आज राहुल गांधी के साथ हुआ, वो अलग बात है की लड़कपन की बिमारी उन्हें अधेड़ उम्र में आकर हुई। क्रान्ति की मशाल उठाने के चक्कर में अपनी झोपडी को आग लगा ली। अपनी ही सरकार की भद पिटवा ली। कुछ भी कहो पर मोदी जी आज बड़े खुश हो रहे होंगे।